About The Event
शारदीय नवरात्र 2026
Event Date
19 October 2026
*सिद्धपीठ 'बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड' में नवमी कन्या व भैरव पूजन के साथ शारदीय नवरात्र संपन्न*
यूँ तो हर पर्व का अपना एक महत्व होता है, लेकिन भगवती के विभिन्न रूपों की पूजा से सराबोर नवरात्र-पर्व की रौनक अलग ही होती है ।
9 दिनों तक चलने वाले इस पर्व में जो उत्साह देखने को मिलता है वो अगाध आस्था और विश्वास का स्वप्रेरित स्वरुप होता है । और इस पर्व के आख़िरी दिन यानि नवमी (कन्या पूजन) का आकर्षण तो अद्भुत होता है।
इसी कड़ी में शारदीय नवरात्र-2026 का पर्व हर जगह श्रद्धा के साथ हर्षोल्लास साथ मनाया गया । भगवती के हर रुपों की आराधना और पूजा-अर्चना के तहत 'नवमी कन्या पूजन' के साथ शारदीय नवरात्र संपन्न हुआ । ज़ाहिर है 19 अक्टूबर को नवमी की रौनक भी हर जगह रही ।
शहर में जगह-जगह, 'नवमी कन्या पूजन' के चलते, भीड़-भाड़ और उत्साह का माहौल था।
लेकिन नवमी कन्यापूजन का सर्वाधिक आकर्षण रविन्द्रपुरी स्थित विश्वविख़्यात अघोरपीठ, 'बाबा कीनाराम स्थल क्रीं-कुण्ड', में दिखा । सुबह आश्रम की साफ-सफ़ाई और दैनिक आरती-पूजन के बाद 'नवमी कन्या पूजन' की शुरुवात हुई ।
यहाँ के पीठाधीश्वर परम पूज्य अघोराचार्य महाराजश्री बाबा सिद्धार्थ गौतम राम जी की अगुवाई व मार्गदर्शन में नवमी पूजा का प्रारम्भ हुआ । सर्वप्रथम सभी 9 कन्याओं का श्रृंगार कर उन्हें देवी रुप में और एक बालक का श्रृंगार कर उन्हें भैरव बाबा के रुप में प्रतिष्ठित कर आसीन किया गया ।
स्वयं परम पूज्य पीठाधीश्वर जी द्वारा सभी देवी स्वरुप में बाल कन्याओं और भैरव रूप में बालक के पाँव पखारे गए । तत्पश्चात सभी 9 देवी व् भैरव जी की विधि सम्मत पूजा कर उनकी आरती उतारी गयी । इसके बाद सभी देवियों व् भैरव जी को विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया और उन्हें तृप्त कराकर पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया गया । इस दौरान नवरात्र पूजन के आचार्य श्री प्रकाश जी सहित उपस्थित सैकड़ों भक्तजनों द्वारा 'जय माँ सर्वेश्वरी' और 'हर-हर महादेव' का उदघोष लगातार होता रहा ।
तदुपरांत पीठाधीश्वर जी के दर्शन के बाद, भंडारे के तहत, हज़ारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया ।
ग़ौरतलब है कि अघोरपीठ 'बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुण्ड' में नवरात्र का पर्व और 'नवमी कन्या पूजन' को देखने के लिए देश और दुनिया के साधक-महात्माओं के अलावा आम श्रद्धालुजन भी बड़ी संख्या में यहां आते हैं।